कैंचीधाम में जाम से निजात की तैयारी, वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग विकसित करने के निर्देश

हल्द्वानी/काठगोदाम – कैंचीधाम और पर्वतीय मार्गों पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने कवायद तेज कर दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने शनिवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में पुलिस, परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले सप्ताह कैंचीधाम में लगे जाम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होनी चाहिए।

बैठक में कैंचीधाम के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने, पार्किंग की व्यवस्था करने, सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण के साथ ही रानीबाग के भीमताल-नैनीताल तिराहे पर वैली ब्रिज बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई।

निगलाट में पार्किंग, कैंचीधाम के लिए वैकल्पिक मार्ग

मंत्री अजय टम्टा ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को कैंचीधाम में यातायात दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक मार्गों के प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जाम के कारण अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को ज्योलीकोट मार्ग से भेजने के निर्देश भी दिए।

निगलाट के पास वन विभाग की नर्सरी की खाली भूमि पर पार्किंग विकसित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग और वन विभाग को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। इसके अलावा कैंचीधाम से हड़तप्पा तक वैकल्पिक मार्ग तैयार करने तथा क्वारब से तल्ला रामगढ़ मार्ग को दो लेन करने के लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए गए।

रानीबाग में वैली ब्रिज से जाम कम करने की योजना

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि रानीबाग स्थित भीमताल-नैनीताल तिराहे पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। यहां वैली ब्रिज बनने से नैनीताल आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकती है। इस पर मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग और वन विभाग के अधिकारियों को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

मंत्री ने गुलाबघाटी के चौड़ीकरण का प्रस्ताव जल्द स्वीकृत कर कार्य शुरू कराने की बात कही। उन्होंने भवाली से कैंचीधाम तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने और इस संबंध में वन विभाग के साथ समन्वय कर सर्वे कराने के निर्देश भी दिए।

पाटलीगांव सड़क की हालत पर जताई नाराजगी

पाटलीगांव से रातीघाट तक सड़क की खराब स्थिति पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़क को सुचारू करने के लिए जल्द प्रस्ताव तैयार करने तथा सैनिटोरियम से पाटलीगांव तक सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि वैकल्पिक मार्ग से वाहनों का आवागमन बेहतर हो सके।

सुबह चार बजे खुले कैंचीधाम मंदिर, प्रवेश-निकासी के अलग मार्ग का सुझाव

श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंत्री ने कैंचीधाम मंदिर को सुबह छह बजे के बजाय चार बजे खोलने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने-जाने के लिए एक ही मार्ग होने से भीड़ बढ़ती है। इसलिए प्रवेश के लिए अलग रास्ता और निकासी के लिए पार्किंग की ओर से अलग मार्ग बनाने की व्यवस्था पर मंदिर प्रशासन से बातचीत कर समाधान निकाला जाए। इससे मंदिर के सामने सड़क पर जाम की स्थिति कम करने में मदद मिल सकती है।

डेढ़ साल में तैयार होगा गौलापार-लालकुआं बाईपास

बैठक में मंत्री ने बताया कि गौलापार-लालकुआं बाईपास के टेंडर हो चुके हैं और इसका निर्माण डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों को यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

अंत में मंत्री अजय टम्टा ने आम जनता से अपील की कि पर्वतीय मार्गों पर वाहन खड़े न करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही जाम की समस्या को कम किया जा सकता है।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश, आरटीओ अरविंद कुमार पांडे, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता राजेश पांडे, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रतनेश, उपजिलाधिकारी मोनिका, सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।