दूरस्थ गांवों में पहुंचे SSP डॉ० मंजूनाथ टीसी, बुजुर्गों से जाना हाल

कोटाबाग के पाटकोट और रामपुर गांव में जनमिलन कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से किया संवाद

साइबर ठगी से बचाव और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी दिया जोर

हल्द्वानी – ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लोगों की समस्याओं को करीब से जानने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी रविवार को कोटाबाग के दूरस्थ गांव पाटकोट और रामपुर पहुंचे। जनमिलन कार्यक्रम के तहत उन्होंने ग्रामीणों, बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने।

इस दौरान एसएसपी ने वरिष्ठ नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत करते हुए उन्हें सुरक्षा और सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने ग्रामीणों को चौकी प्रभारी कोटाबाग और चौकी प्रभारी बैलपड़ाव के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए, ताकि किसी भी परेशानी की स्थिति में वे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें। ग्राम प्रधान रमेश चंद्र, पूर्व ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीणों से भी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई।

एसएसपी ने संबंधित चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर गांवों में जाकर बुजुर्गों की कुशलक्षेम लें और उनकी समस्याओं की जानकारी रखें। विशेष रूप से अकेले रहने वाले बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों की जरूरत पड़ने पर सहायता सुनिश्चित करने को कहा।

इसके बाद एसएसपी ने क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा सुरक्षा एवं सहयोग का आश्वासन दिया। स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित पोलियो अभियान के कैंप का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और स्वयं बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। बच्चों के अभिभावकों एवं अन्य ग्रामीणों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

भ्रमण के दौरान एसएसपी एक स्थानीय होमस्टे भी पहुंचे। यहां उन्होंने कुमाऊंनी व्यंजनों और स्थानीय पहाड़ी उत्पादों का स्वाद लिया। होमस्टे संचालकों से बातचीत करते हुए स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, उनकी पहचान बढ़ाने और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा की। उन्होंने संचालकों और स्थानीय लोगों को आवश्यक सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक

एसएसपी ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि नैनीताल पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

इस दौरान चौकी प्रभारी कोटाबाग उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा, चौकी प्रभारी बैलपड़ाव उपनिरीक्षक राजवीर सिंह नेगी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।