
हल्द्वानी – हल्द्वानी में हाल ही में हुए दर्दनाक सड़क हादसे से आहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कुमाऊं द्वार महोत्सव-2026 के मंच से अभिभावकों और युवाओं से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन न दें और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। सड़क हादसों में किसी परिवार के बच्चे की जान जाने का दर्द बेहद गहरा होता है।
एसएसपी ने कहा कि ऐसे दर्दनाक हादसों के दृश्य देखने के बाद रात में नींद तक नहीं आती। जब किसी के घर का चिराग बुझता है, तो बहुत दुख होता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन देने से बचें। बच्चों को बस या ऑटो जैसे सुरक्षित विकल्पों से उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने युवाओं की तेज रफ्तार और वाहन चलाने के तरीके पर भी नजर रखने की जरूरत बताई। एसएसपी ने कहा कि अभिभावक वाहन देते समय सुरक्षा के उपायों पर ध्यान दें और युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पीड गवर्नर, डैशकैम और जीपीएस जैसे उपकरणों के इस्तेमाल को भी उपयोगी बताया।
एसएसपी की इस अपील का संदेश साफ है कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है। बच्चों की सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अभिभावकों और समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। समय रहते बरती गई सावधानी किसी बड़े हादसे को रोक सकती है।

