
1 नवंबर की दिल्ली महारैली में जुटेंगे उत्तराखंड के कांग्रेसजन, SIR में कटे नामों को लेकर अभियान तेज करेगी पार्टी
दीपक राठौड़ बोले—वोट रक्षक पोर्टल से पात्र मतदाताओं की मदद, विधानसभा स्तर पर चौपालों से मिशन 2027 की तैयारी
हल्द्वानी – कांग्रेस एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली में उत्तराखंड से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी कर रही है। महारैली के बाद प्रदेशभर में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को तेज किया जाएगा। अभियान के नवनियुक्त पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने रविवार को हल्द्वानी के होटल सौरभ में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है।
दीपक राठौड़ ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम कटने की शिकायतों को कांग्रेस गंभीरता से ले रही है। ऐसे मतदाताओं की सहायता के लिए पार्टी के वोट रक्षक पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए बूथ लेवल एजेंट (BLA) को पोर्टल के संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर पात्र लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर चौपालों का आयोजन कर संगठन को मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति दी जाएगी।
SIR में पात्र मतदाताओं के नाम कटना चिंता का विषय: सुमित हृदयेश
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना आवश्यक है, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं कटना चाहिए। एक व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नहीं होना चाहिए। विवाह या स्थायी रूप से निवास बदलने की स्थिति में मतदाता का नाम उसके वर्तमान निवास क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज किया जाना चाहिए।
उन्होंने उत्तराखंड में लगभग 10 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने के विषय को गंभीर बताते हुए पारदर्शी तरीके से तथ्यों की जांच की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए उन्होंने राहुल गांधी की सराहना भी की।
अखिलेश यादव के बयान पर विधायक ने रखी व्यक्तिगत राय
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सुमित हृदयेश ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का अपना स्वाभिमान है और प्रदेश के लाखों लोग देश के विभिन्न हिस्सों में रहकर अपनी मेहनत एवं प्रतिभा से योगदान दे रहे हैं। किसी भारतीय नागरिक को दूसरे प्रदेश में रहने या रोजगार करने के आधार पर घुसपैठिया कहना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपने बयान का संदर्भ स्पष्ट करना चाहिए। यदि बयान का आशय उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताना था, तो वह इसकी कड़ी निंदा करेंगे। विधायक ने स्पष्ट किया कि इस विषय पर उनके विचार व्यक्तिगत हैं और इन्हें कांग्रेस पार्टी की आधिकारिक राय न माना जाए।
EVM की जांच तकनीकी विशेषज्ञों से कराने का सुझाव
EVM की विश्वसनीयता के मुद्दे पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि इस विषय पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि EVM की तकनीकी जांच प्रतिष्ठित IIT संस्थानों के विशेषज्ञों और स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञों से कराई जाए, ताकि तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट हो सके।
उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र और संविधान सर्वोपरि हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन का रास्ता चुनाव है और जनता के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए।
बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने पर जोर
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से कहा कि पार्टी लोकतंत्र और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जिले से लेकर बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
दोनों नेताओं ने कहा कि SIR के दौरान मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता पात्र मतदाताओं की मदद करेंगे। वोट रक्षक पोर्टल के माध्यम से समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए BLA को प्रशिक्षण देने और संगठन के सभी स्तरों पर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और किसी भी पात्र मतदाता को मताधिकार से वंचित न रहने देने के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
विधानसभा प्रभारियों और BLA-1 के साथ बैठक
प्रेसवार्ता के बाद अभियान के नवनियुक्त पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने कांग्रेस के विधानसभा प्रभारियों और BLA-1 के साथ बैठक की। बैठक में विधायक सुमित हृदयेश, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे।
बैठक में वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को प्रभावी बनाने, SIR के दौरान मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं, वोट रक्षक पोर्टल के उपयोग और BLA को प्रशिक्षण देने सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही विधानसभा स्तर पर चौपालों के आयोजन और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर मिशन 2027 की तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया।
इस दौरान हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, गणेश उपाध्याय, सतीश नैनवाल, शोभा बिष्ट, भागीरथी बिष्ट, जया पाठक, नरेश अग्रवाल, डॉ. मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, संजय किरोला, बहादुर बिष्ट, दीप चंद्र पाठक, महेश कांडपाल, मोहन बिष्ट, किरण माहरा, इंदर पाल आर्य, बिपिन खोलिया, गिरीश पांडे, गुरजीत सिंह गित्ते, मनोज शर्मा, परिमल रॉय, दीपक किरोला, तेज राम आर्य और शंकर कोहली सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

