

शक्तिफार्म – दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से आज 2 नवंबर से टैगोर नगर, शक्तिफार्म में आंचल डेयरी के तीन दिवसीय भव्य मेले का आगाज होगा। 2 से 4 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में दुग्ध उत्पादों की प्रदर्शनी, पशुपालन से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी और विविध सांस्कृतिक गतिविधियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मेले में आंचल डेयरी के विभिन्न दुग्ध उत्पादों की प्रदर्शनी एवं जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही पशुपालकों के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां उन्हें डेयरी विकास की सरकारी योजनाओं, आधुनिक पशुपालन तकनीकों, पशुओं के बेहतर रखरखाव और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों से अवगत कराया जाएगा।

आयोजन में स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और ग्रामीण हुनर को भी विशेष स्थान दिया गया है। हस्तशिल्प प्रदर्शनी के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले की रौनक बढ़ाएंगे। इसके माध्यम से स्थानीय कारीगरों, उत्पादकों और ग्रामीण प्रतिभाओं को अपने उत्पाद एवं हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्वरोजगार और स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहन देने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि आंचल डेयरी उत्तराखंड के पशुपालकों की ताकत है। सरकार शुद्धता, गुणवत्ता और समृद्धि के मंत्र के साथ आंचल ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों एवं पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है।
मंत्री ने आमजन, दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों से तीन दिवसीय मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने के साथ पशुपालकों को नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


