
हल्द्वानी – एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जौहार महोत्सव में रविवार को सचिव मुख्यमंत्री एवं कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जौहार घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि जौहार की संस्कृति, परंपरा और इतिहास उत्तराखंड की आत्मा हैं। इन्हें संरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है।
अपने संबोधन में आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि शौका जनजाति के लोगों ने विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और लोक जीवन को जिस तरह सहेजकर रखा है, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे महोत्सव हमारी लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प को बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ पलायन रोकने के प्रयासों को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास और उनकी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
लोकनृत्यों और पारंपरिक उत्पादों ने बिखेरी जौहार की रंगत
महोत्सव में मुनस्यारी, धारचूला और मिलम क्षेत्र से पहुंचे शौका जनजाति के कलाकारों ने पारंपरिक छोलिया और झोड़ा-चांचरी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से जौहार घाटी की सांस्कृतिक पहचान जीवंत हो उठी।
महोत्सव परिसर में जौहार के प्रसिद्ध ऊनी उत्पादों थुलमा, पंखी और कालीन के साथ स्थानीय जड़ी-बूटियों एवं जैविक उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें भट्ट के डुबके, मडुए की रोटी और भांग की चटनी का स्वाद लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी।
स्टॉलों का निरीक्षण कर आयोजकों को दी बधाई
कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, जिला विकास अधिकारी, महोत्सव संयोजक मंडल के सदस्य, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर आयुक्त दीपक रावत ने महोत्सव परिसर में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प की सराहना करते हुए आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

