भीमताल में खुला पहाड़ी उत्पादों का नया बाजार, राज्यमंत्री ने किया ऑर्गेनिक स्टोर का शुभारंभ

हल्द्वानी/भीमताल – महिला सशक्तीकरण, स्थानीय उत्पादों के संरक्षण और महिला स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में भीमताल में एक नई पहल की शुरुआत हुई। रविवार को आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री भावना मेहरा ने ‘पांडेय ऑर्गेनिक स्टोर’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्टोर की संचालिका अंजू पांडेय को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार और पहचान दिलाना मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

राज्यमंत्री भावना मेहरा ने कहा कि इस स्टोर के माध्यम से पहाड़ की पारंपरिक कृषि उपज, स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के उत्पादों में गुणवत्ता, परंपरा और स्थानीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान समाहित है। जरूरत इस बात की है कि इन उत्पादों को उचित बाजार और प्रोत्साहन मिले, ताकि स्थानीय उत्पादकों और महिला उद्यमियों को आर्थिक लाभ मिल सके।

पहाड़ी उत्पादों और हस्तशिल्प की दिखेगी खास पहचान

पांडेय ऑर्गेनिक स्टोर में शुद्ध हल्दी, पहाड़ी शहद, लाल चावल, कीवी स्क्वैश, मडुवे का आटा, पहाड़ी अचार, मिलेट उत्पाद, गहत, पहाड़ी राजमा, अलसी, जख्या सहित विभिन्न स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हैं। इसके अलावा रिंगाल की टोकरियां और हस्तनिर्मित मोमबत्तियां भी स्टोर की विशेषता हैं। ये उत्पाद उत्तराखंड की पारंपरिक पहचान को संरक्षित करने के साथ ही स्थानीय महिलाओं के हुनर, मेहनत और उद्यमशीलता को नई पहचान देने का माध्यम बन रहे हैं।

भावना मेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान को धरातल पर उतारने में ऐसी पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे स्थानीय उत्पादों की खरीदारी को प्राथमिकता दें और महिला उद्यमियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर न केवल पहाड़ की परंपराओं को संरक्षित किया जा सकता है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दी जा सकती है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला मंत्री प्रकाश भट्ट, मनोज, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष एडवोकेट मीनाक्षी भगत, परवीन पटवाल, राधा कुल्याल, भगवती सुयाल, रचना मेहरा, लता पांडेय, चंपा नयाल, प्रेमा सुयाल, हिमानी फुलारा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।