शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बाइक हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत

हल्द्वानी/लालकुआं – मोटाहल्दू बाइपास पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घर के बाहर लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे उपचार के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जिले के ग्राम गल्ली, पोस्ट कफलनी (दन्या) निवासी महेंद्र कुमार पुत्र किशन राम करीब चार माह पहले काम की तलाश में हल्द्वानी आया था। वह रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में कुक का काम करता था। बताया गया कि वह रामपुर रोड से मोटाहल्दू बाइपास होते हुए बरेली रोड की ओर जा रहा था।

इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान के बाहर लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके नाक, कान और मुंह से खून निकलने लगा।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

हादसे की सूचना मिलने पर टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महेंद्र को तत्काल सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

दोनों भाइयों की तय हो चुकी थी शादी

टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक की शिनाख्त उसके बड़े भाई बसंत कुमार ने की। बसंत ने बताया कि दोनों भाइयों की शादी तय हो चुकी थी और परिवार में एक साथ शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन महेंद्र की अचानक मौत ने सभी खुशियों को मातम में बदल दिया।