तेज रफ्तार वाहन का कहर: सड़क पार कर रहे युवक को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत

ख़बर शेयर करे -

लालकुआं। लालकुआं-हल्दूचौड़ मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क पार कर रहे युवक की तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात लगभग 10:30 बजे बबूर गुम्टी के समीप नरूला प्लाट में चालक एवं चौकीदार के पद पर कार्यरत 44 वर्षीय प्रेम सिंह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी की ओर से तेज गति में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेम सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा युवक को मृत्यु की पुष्टि के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान टक्कर मारने वाले वाहन की नंबर प्लेट मौके पर ही उखड़कर गिर गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उधर घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सड़क पर लहूलुहान हालत में प्रेम सिंह को देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई है तथा मामले की जांच की जा रही है।


ख़बर शेयर करे -

See also  उत्तराखंड_प्रदेश के अहम मुद्दों से जुड़ी सीएम धामी की अहम बैठके, पढ़े ज़रूरी ख़बरे