
देहरादून – राजधानी देहरादून में 14 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग दल से जुड़े रहे सिद्धांत बडोनी का नाम भी शामिल है। पुलिस ने दोनों को रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है।
पुलिस के अनुसार, सर्विलांस और अन्य माध्यमों से आरोपियों की लोकेशन गुप्तकाशी में मिलने के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया। सिद्धांत बडोनी (24) खुड़बुड़ा मोहल्ला और दीपक सिंह शेखावत (25) एमडीडीए कॉलोनी, लक्ष्मण चौक का निवासी है। पुलिस ने सिद्धांत के कब्जे से 40 हजार रुपये और दीपक सिंह शेखावत के पास से 42 हजार रुपये बरामद किए हैं।
इंद्रेश अस्पताल के पास 14 लाख रुपये का बैग लूटा था
पुलिस के मुताबिक, सात नवंबर को राजेश कुमार सोनी अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ प्लॉट का सौदा करने के लिए 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित राजेश कुमार सोनी की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
तीन चरणों में पुलिस ने की गिरफ्तारियां
पुलिस ने नौ नवंबर को इस मामले में सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से लूट की रकम के 1.50 लाख रुपये बरामद किए गए।
इसके बाद 10 नवंबर को पुलिस ने कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू को गिरफ्तार किया। वहीं, लगातार दबिश और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने गुप्तकाशी से सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत को भी गिरफ्तार कर लिया।
सात आरोपी गिरफ्तार, लूट की शेष रकम की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, 14 लाख रुपये की लूट के मामले में अब तक कुल सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस लूट की शेष रकम की बरामदगी और घटना में अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
गिरफ्तार सिद्धांत बडोनी का नाम कोटद्वार के चर्चित मोहम्मद दीपक प्रकरण में भी सामने आया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उस प्रकरण में उस पर धमकी देने और मारपीट करने के आरोप लगे थे।

