16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान

हल्द्वानी – जनगणना से जुड़ी स्वगणना प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक 15 दिनों का स्वगणना अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना के दौरान कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। जनपद में कम से कम 15 हजार लोगों की स्वगणना कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

स्वगणना अभियान के सफल संचालन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया को सरल और सहज बनाया गया है, ताकि प्रत्येक नागरिक आवश्यक जानकारी तैयार रखकर बिना किसी भय या संकोच के स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भर सके।

फॉर्म भरने से पहले प्रश्नावली पढ़ने की अपील

सीडीओ ने आमजन से अपील की कि स्वगणना करने से पहले पोर्टल के प्रारंभिक पृष्ठ (लैंडिंग पेज) पर उपलब्ध प्रश्नावली को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और मांगी जाने वाली आवश्यक जानकारी पहले से तैयार रखें। इससे फॉर्म भरने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि फॉर्म भरने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और जानकारियों के संबंध में आमजन को पहले से स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

भाषा चयन में बरतें सावधानी, बाद में नहीं होगा बदलाव

स्वगणना पोर्टल पर फॉर्म भरते समय भाषा का चयन सावधानीपूर्वक करने की अपील की गई है। एक बार भाषा का सफलतापूर्वक चयन हो जाने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा। इसलिए नागरिकों को फॉर्म भरने से पहले अपनी सुविधानुसार भाषा चुनने की सलाह दी गई है।

फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) स्वतः जनरेट होगी, जिसे आवेदक प्राप्त कर सकेंगे।

हर प्रशिक्षित व्यक्ति कम से कम 10 लोगों को करेगा जागरूक

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्धारित 15 हजार के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों और विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। ऐसे कार्यक्रमों की सूचना कम से कम एक दिन पहले उपलब्ध कराई जाए, ताकि विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और अन्य नागरिक अधिक से अधिक संख्या में भाग ले सकें।

उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों और विभिन्न कार्यक्रमों में आने वाले लोगों को भी स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही वे अपने परिचितों और आसपास के लोगों को भी इस प्रक्रिया की जानकारी दें।

ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, शिक्षा, होमगार्ड्स और पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि प्रत्येक प्रशिक्षित कार्मिक कम से कम 10 अन्य लोगों को स्वगणना के लिए प्रशिक्षित करे, ताकि जागरूकता का दायरा बढ़े और अभियान जनभागीदारी का रूप ले सके। उन्होंने प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी सुरेश आर्य और अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कमल कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।