
देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी प्रदेश की पहचान और गौरव हैं। उनके अनुभव, प्रतिभा, सामर्थ्य और नवाचार से उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिल सकती है। प्रवासी अपनी संस्कृति, परंपराओं और विशिष्ट पहचान के सशक्त संवाहक हैं। राज्य और प्रवासी समाज के बीच भावनात्मक संबंधों को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के समापन के बाद रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखंडियों का आत्मीय स्वागत किया और राज्य की विकास यात्रा में उनके योगदान की सराहना की।
नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव और प्रतिभा का लाभ प्रदेश को मिलना चाहिए। उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रवासी उत्तराखंडियों का निवेश, नवाचार और सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
लोकसंस्कृति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। नंदा राजजात पर आधारित विशेष प्रस्तुति ने अतिथियों का मन मोह लिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं प्रदेश की आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव की प्रतीक हैं। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों से अपने पैतृक गांवों से निरंतर जुड़े रहने और उनके विकास में यथासंभव योगदान देने की अपील की।
कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

