पुराने वीडियो को करवाचौथ से जोड़कर फैलाने का आरोप, कंगना रनौत मामले में एफआईआर

देहरादून – सोशल मीडिया पर भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को कथित तौर पर भ्रामक और गलत तथ्यों के साथ प्रसारित करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर देहरादून के राजपुर थाने में अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने 16 नवंबर को राजपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि सांसद कंगना रनौत का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर गलत संदर्भ के साथ प्रसारित किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, वीडियो में कंगना रनौत राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करती नजर आ रही हैं।

करवाचौथ से जोड़कर प्रसारित करने का आरोप

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों ने वीडियो के साथ भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियां जोड़कर यह दावा प्रसारित किया कि कंगना रनौत ने 29 अक्टूबर 2026 को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए वैवाहिक व्रत रखा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि पुराने वीडियो को गलत संदर्भ में पेश कर सांसद की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। साथ ही महिलाओं के सम्मान और धार्मिक परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने तथा धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप भी लगाया गया है।

अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों पर केस

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा संख्या 275/26 दर्ज किया है। इसमें आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी सहित बीएनएस की विभिन्न धाराएं शामिल की गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने विवेचना डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी है।

पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो प्रसारित करने वालों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।