
धारी – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ गांव ढोलीगांव में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की पहल पर श्रम विभाग की ओर से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आसपास के करीब दो दर्जन गांवों के उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को खाद्य सामग्री सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि पहाड़पानी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ लेने तथा सामग्री प्राप्त करने के लिए हजारों रुपये खर्च कर हल्द्वानी जाना पड़ता था। कई बार लंबी दूरी तय करने और परेशानियां उठाने के बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए श्रम विभाग का शिविर दूरस्थ क्षेत्र में आयोजित कराया गया, ताकि श्रमिकों को उनके गांव के नजदीक ही योजनाओं का लाभ और आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सके। अब उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए हल्द्वानी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
श्रमिकों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मंत्री कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। कर्मकार कल्याण बोर्ड और श्रम विभाग के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति, श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता, प्रसूति महिलाओं को आर्थिक मदद तथा श्रमिक की मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को सहायता सहित कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले श्रमिकों तक भी योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचे और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

