
लालकुआं – जनगणना-2027 को लेकर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने जागरूकता अभियान चलाने की पहल की है। दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि संघ से जुड़ी पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों तक जनगणना का संदेश पहुंचाया जाएगा।
बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने जनगणना के प्रथम चरण के तहत संचालित स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इस राष्ट्रीय अभियान की उपयोगिता बताते हुए दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों को इसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
710 समितियों के माध्यम से चलेगा जागरूकता अभियान
बैठक में तय किया गया कि दोनों क्षेत्रों की दुग्ध समितियों के पदाधिकारियों, सचिवों और संबंधित कर्मचारियों के सहयोग से स्व-गणना की प्रक्रिया, इसकी उपयोगिता और ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाई जाएगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। सटीक जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर नियोजन और प्रभावी क्रियान्वयन कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
समिति सचिवों को पत्र भेजकर जागरूकता फैलाने का आह्वान
मुकेश बोरा ने सभी दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सचिवों से विशेष अपील की कि वे अपने-अपने पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादकों तथा उनके परिवारों को जागरूक करने के लिए लिखित पत्र भेजें। उन्होंने सचिवों से व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से भी लोगों को स्व-गणना और ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी देने को कहा।
उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से स्वयं स्व-गणना में भाग लेने के साथ ही अपने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
30 नवंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन स्व-गणना
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि जनगणना-2027 के तहत नैनीताल जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। सफलतापूर्वक जानकारी जमा करने के बाद 11 अंकों की स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। बाद में प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।
उन्होंने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक और सामाजिक हितों के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और जनहित से जुड़े राष्ट्रीय अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने सभी दुग्ध समितियों से अभियान को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक परिवारों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी. एंड आई. सुभाष बाबू तथा प्रभारी एमआईएस जनगणना लिपिक कमलेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

