हल्द्वानी_नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई,त्रिशूल होटल सील

हल्द्वानी – नाबालिग से दुष्कर्म के मामले से जुड़े कटघरिया स्थित त्रिशूल होटल पर पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस, प्रशासन और प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने शनिवार को होटल पहुंचकर जांच-पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में होटल के बिना आवश्यक अनुमति संचालित होने की बात सामने आने के बाद प्रशासनिक टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यह होटल हल्द्वानी में एबीवीपी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी से जुड़े नाबालिग से दुष्कर्म के मामले के संदर्भ में जांच के दायरे में आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, प्रशासन और प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने कटघरिया स्थित त्रिशूल होटल का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि संबंधित होटल आवश्यक अनुमतियों के बिना संचालित किया जा रहा था। इसके बाद अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एसडीएम मोनिका, तहसीलदार कुलदीप और मुखानी कोतवाल सुशील जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

होटल सील किए जाने की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। वहीं, नाबालिग से दुष्कर्म के मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।