मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन अलर्ट, बीएलओ और सुपरवाइजरों का विशेष प्रशिक्षण शुरू

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए जाने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को द्वितीय चरण का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन के लिए विधानसभा वार एसएलएमटी, नोडल आईटी अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनरों की तैनाती कर तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। इसके तहत 2 जून को जसपुर, गदरपुर एवं सितारगंज विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

इसी प्रकार 3 जून को काशीपुर, रुद्रपुर एवं नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 4 जून को बाजपुर, किच्छा एवं खटीमा विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान संबंधित उप जिलाधिकारियों को विधानसभा स्तर पर मास्टर ट्रेनर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को नोडल आईटी अधिकारी नामित किया गया है, जो तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्रदान करेंगे।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाए। प्रशासन का उद्देश्य है कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों तथा किसी भी प्रकार की त्रुटियों को समय रहते दूर किया जा सके।

See also  सीडीओ मनीष कुमार ने विकास भवन में स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी के कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, दिए यह निर्देश

ख़बर शेयर करे -