मॉर्निंग वॉक पर निकले सहायक उद्योग अधिकारी को बेकाबू पिकअप ने रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत

ख़बर शेयर करे -

उत्तरकाशी। गंगोत्री नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सहायक उद्योग अधिकारी की मौत हो गई। हादसा चिन्यालीसौड़ के नागणी क्षेत्र में उस समय हुआ, जब अधिकारी मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। तेज रफ्तार और बेकाबू पिकअप वाहन ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान 31 वर्षीय मामराज निवासी टिपरी बिष्ट, चिन्यालीसौड़ के रूप में हुई है। वह कंडीसौड़ में सहायक उद्योग अधिकारी के पद पर तैनात थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5:50 बजे मामराज ऑल वेदर रोड पर टहल रहे थे। इसी दौरान मुर्गों से भरी एक पिकअप वाहन तेज गति से पीछे से आई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिकअप वाहन उन्हें बुरी तरह रौंदते हुए आगे निकल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पिकअप का ब्रेक फेल होना और चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। हादसे में चालक रोहित निवासी नौगांव, बड़कोट भी घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।


ख़बर शेयर करे -
See also  ऑपरेशन प्रहार: रामनगर-बनभूलपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा व स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार