त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का शिकंजा, रामनगर में आटा-मसाले के नमूने लिए

ख़बर शेयर करे -

रामनगर – आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने रामनगर में विशेष अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर विभागीय टीम ने शिवलालपुर और चिलकिया क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान तीन खाद्य प्रतिष्ठानों, जिनमें दो खाद्य उत्पादन इकाइयां शामिल हैं, की जांच की गई। इस दौरान नियमानुसार गेहूं के आटे और गरम मसाले (खड़ा) के विधिक खाद्य नमूने लिए गए। दोनों नमूनों को परीक्षण एवं गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, ऊधमसिंहनगर भेजा जा रहा है।

दस्तावेज पूरे करने के लिए कारोबारियों को समय

निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान संचालक मौके पर खाद्य पंजीकरण प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने उसे पंजीकरण प्रस्तुत करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। इसके अलावा मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और खाद्य टेस्ट रिपोर्ट से संबंधित अनुपालन प्रपत्र उपलब्ध नहीं पाए जाने पर इन्हें ऑनलाइन जमा करने के लिए 15 दिन की मोहलत दी गई है।

विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में आवश्यक दस्तावेज एवं अनुपालन पूरा नहीं किए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारी सीजन में लगातार जारी रहेगा अभियान

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में हुई कार्रवाई का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। विभाग ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना संग्रह का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

See also  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की पुस्तक 'सस्टेनेबल वेलनेस ऑफ स्टूडेंट्स' का विमोचन

ख़बर शेयर करे -