
लालकुआं – ग्राम गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू में विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले का लालकुआं पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और भेजने में किया गया था। मामले में नामजद दो अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार 6 अगस्त 2026 को ग्राम गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू निवासी एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद निवासी मुक्तेश्वर ने थाना लालकुआं में तहरीर दी थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया था कि मृतका का अपने पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल के माध्यम से संपर्क था और उसका घर पर भी आना-जाना था। आरोप है कि आशिक अली ने मृतका को अपने जाल में फंसाकर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल किया। इससे वह मानसिक रूप से परेशान थी और इसी कारण उसने आत्महत्या कर ली।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि साहिब अली और देवेश गंगवार द्वारा मृतका के पति विजय पलड़िया को मामले में कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इसके चलते विजय पलड़िया को अपने काम में भी परेशानी होने की बात कही गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालकुआं में मु0अ0सं0 146/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 108/351(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी द्वारा की जा रही है।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आशिक अली पुत्र मशरूफ अली, निवासी बेरहम नगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गुमटी, हल्दूचौड़ को 26 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ब्लैकमेलिंग में इस्तेमाल मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार इसी मोबाइल का इस्तेमाल आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने तथा भेजने में किया गया था। बरामद मोबाइल को विवेचना में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
दो आरोपी फरार, भूमिका की जांच जारी
पुलिस के अनुसार साहिब अली पुत्र भूरे शाह, निवासी बेरमनगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली और देवेश गंगवार, निवासी लालकुआं, जनपद नैनीताल वर्तमान में फरार हैं।
पुलिस दोनों की भूमिका, मृतका के पति को दी गई कथित धमकियों तथा मामले में उनकी संलिप्तता से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल कुबेर सिंह शामिल रहे।

