बसगांव पेयजल योजना का CDO ने किया निरीक्षण, जनहित में सहमति से कार्य करने के निर्देश

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने सोमवार को जनपद नैनीताल के चोपड़ा क्षेत्र स्थित बसगांव में खनन न्यास मद से लगभग 59 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महिला नर्सरी (महिला समूह) चोपड़ा, बसगांव द्वारा जल स्रोत को लेकर दर्ज कराई गई आपत्तियों के संबंध में मौके पर स्थिति का जायजा लिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने महिला समूह, ग्रामवासियों एवं विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पक्षों की सहमति और जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुचारु पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सारा परियोजना के अंतर्गत निर्मित चेक डैम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का वास्तविक लाभ क्षेत्रीय जनता तक पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समय-समय पर क्षेत्र का भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता जल संस्थान, विभागीय अधिकारी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


ख़बर शेयर करे -
See also  मानसून से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, एडीएम कौस्तुभ मिश्र ने जलभराव और बाढ़ से निपटने के लिए दिए सख्त निर्देश