राजपुरा के समाजसेवियों पर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस प्रशासन का पुतला फूंका

ख़बर शेयर करे -

  • विधायक सुमित हृदयेश बोले—नशा तस्करों पर हो कार्रवाई, आवाज उठाने वालों को न दबाया जाए

हल्द्वानी – राजपुरा क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में बुद्ध पार्क, तिकोनिया में पुलिस प्रशासन का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि राजपुरा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब और नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर स्थानीय नागरिक, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि लगातार आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय आवाज उठाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को नशे के कारोबार में शामिल वास्तविक तस्करों और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, न कि समाजहित में आवाज उठाने वाले नागरिकों को निशाना बनाना चाहिए। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को डराने या दबाने की किसी भी कार्रवाई को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सुमित हृदयेश ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज और प्रशासन दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे में नशे के खिलाफ संघर्ष करने वाले लोगों का सहयोग किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस जनहित के मुद्दे को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से लगातार उठाती रहेगी तथा हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के खिलाफ पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

See also  संविधान निर्माता बाबा साहेब महा परिनिर्माण दिवस पर कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि

ख़बर शेयर करे -