
रामनगर – कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने सोमवार को रामनगर पहुंचकर विभिन्न सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रामनगर-हल्द्वानी नए पुल से शहीद भगत सिंह चौक होते हुए नगर पालिका क्षेत्र तक सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और सड़क किनारे जल निकासी समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक रामनगर क्षेत्र की सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सड़क मरम्मत एवं सुधार कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा हो काम
दीपक रावत ने अधिकारियों को सड़क मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा किया जाए और सड़क पर कहीं भी ऐसा गड्ढा या अवरोध नहीं रहना चाहिए, जिससे वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी हो।
उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित रूप से सड़कों का निरीक्षण करने तथा जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त मिले, वहां तत्काल मरम्मत और सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर जताई नाराजगी
मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात सीधे आम जनता से जुड़े विषय हैं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान गोपाल सिंह चौहान सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

