डीएम ललित मोहन रयाल के सख्त निर्देश, लापरवाही पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से लगातार भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि आपदा प्रबंधन कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि मानसून अवधि के दौरान कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। सभी विभागाध्यक्ष, नोडल अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर पूरी सतर्कता के साथ दायित्वों का निर्वहन करेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें।

उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन एवं अन्य संचार माध्यम 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपदा संबंधी सूचना मिलते ही तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को अवगत कराने के आदेश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि मानसून के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, जिससे जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

See also  दर्दनाक सड़क दुघर्टना में गर्भवती महिला सहित 4 की मौत परिजनों में मचा कोहराम

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी अथवा कर्मचारी द्वारा जारी निर्देशों की अवहेलना की गई या लापरवाही बरती गई तो संबंधित के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का गंभीरता से पालन करें, अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से संपर्क कर प्रशासन का सहयोग करें।


ख़बर शेयर करे -