हल्द्वानी_शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप, कोतवाली में घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – शहर की एक युवती ने अल्मोड़ा निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कोतवाली में शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। इस दौरान कोतवाली परिसर में घंटों तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। हालांकि देर शाम दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, जिसके बाद युवती ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार हल्द्वानी निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि अल्मोड़ा का रहने वाला युवक हल्द्वानी में नौकरी करता है। करीब एक वर्ष पहले दोनों की मुलाकात हुई थी और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने यह भी दावा किया कि वह दो माह की गर्भवती है।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इस दौरान युवक के परिजन भी कोतवाली पहुंचे और काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत का दौर चलता रहा। युवती शुरुआत में युवक से शादी की मांग पर अड़ी रही और उसका कहना था कि यदि शादी नहीं हुई तो वह पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराएगी।

कोतवाली परिसर में युवक को हिरासत में लिए जाने के बाद उसकी बहन भावुक होकर रोने लगी। परिजन उसे शांत कराने का प्रयास करते रहे, जिससे कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

देर शाम दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद मामला शांत हो गया। युवती ने पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी और कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया।

See also  लालकुआं_लगातार हो रही विद्युत कटौती से नाराज कांग्रेसी नेताओं ने फूंका विद्युत विभाग और सरकार का पुतला

सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि दोनों पक्ष बालिग हैं। युवती की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। आपसी समझौता होने के बाद उसने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया, जिसके चलते आगे कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।


ख़बर शेयर करे -