
हल्द्वानी। शहर के व्यस्त शनि बाजार रोड पर सोमवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। केंटर और स्कूटी की जोरदार टक्कर में 13 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन हादसे में बाल-बाल बच गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब छह बजे दो बहनें स्कूटी से शनि बाजार रोड से गुजर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार केंटर ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 13 वर्षीय हदिया पुत्री अब्दुल रहमान निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हदिया इन दिनों अपनी नानी के घर हल्द्वानी आई हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तत्काल भीड़ को शांत कर स्थिति को नियंत्रित किया।
सीओ अमित सैनी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल केंटर संख्या यूके 04 सीसी 5999 को कब्जे में ले लिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर विरोध जताया। पुलिस ने एहतियातन चालक को अपने संरक्षण में लेकर थाने पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि मृतका के पिता सऊदी अरब में कार्यरत हैं। बेटी की असमय मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस हृदयविदारक हादसे ने शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

