हल्द्वानी_मुखानी में दो चोरी की घटनाओं का खुलासा, अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी/नैनीताल – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में मुखानी थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। एसओजी और मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 9 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण व नगदी बरामद की है।

पहली घटना (मामला-01)

पुलिस के अनुसार, 14 मार्च 2026 को सत्यानंद कॉलोनी, बिठोरिया नंबर-01 निवासी ललित सिंह ने थाना मुखानी में तहरीर दी थी कि 10 जनवरी से 15 जनवरी 2026 के बीच अज्ञात चोर ने उनके घर से लगभग 50 हजार रुपये की नगदी और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इस संबंध में थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 27/26, धारा 305(a)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह को सौंपी गई।

दूसरी घटना (मामला-02)

वहीं, 1 अप्रैल 2026 को हरि शिव विहार, हिम्मतपुर मल्ला निवासी घनश्याम चंद्र ने शिकायत दर्ज कराई कि 16 नवंबर से 19 नवंबर 2025 के बीच अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली। इस मामले में एफआईआर संख्या 35/26, धारा 305(a)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद को सौंपी गई।

सीसीटीवी से मिला अहम सुराग

दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी व एसओजी प्रभारी राजेश जोशी के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान दोनों मामलों में एक ही संदिग्ध व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई।

See also  खटीमा में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, किशोरियों से लेकर महिलाओं तक को दी गई जागरूकता

दबिश और सर्विलांस से गिरफ्तारी

लगातार दबिश, पूछताछ, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस टीम ने 3 अप्रैल 2026 को गुसाईपुर तिराहे के पास से मुंशी राम उर्फ सोनू (41 वर्ष), निवासी कस्बा बेहट, मोहल्ला महाजनान, थाना बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी के आभूषण व नगदी बरामद की गई।

बरामदगी का विवरण

मामला-01 (एफआईआर 27/26) से संबंधित:

01 जोड़ी चैन पट्टी (सफेद धातु)

02 गले की चेन (सफेद धातु)

03 अंगूठी (सफेद धातु)

02 जोड़ी धागुले (सफेद धातु)

नगदी ₹22,460

मामला-02 (एफआईआर 35/26) से संबंधित:

01 मंगलसूत्र (पीली धातु)

01 जोड़ी पौची (पीली धातु)

01 मांग टीका (पीली धातु)

01 अंगूठी (पीली धातु)

01 जोड़ी झुमके (पीली धातु)

अंतर्राज्यीय अपराधी, कई मुकदमे दर्ज

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी एक शातिर अंतर्राज्यीय चोर है, जिसके खिलाफ उत्तराखंड और हरियाणा में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इनमें क्लेमेन्टाउन, पटेल नगर, नगर कोतवाली और जगाधरी (यमुनानगर) थानों में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। अन्य राज्यों में भी इसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम को मिला पुरस्कार

इस उल्लेखनीय सफलता पर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 1500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस अभियान में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल इसरार नबी (सीसीटीवी), हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत (एसओजी), कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, बलवंत सिंह, रविंद्र खाती, अरविंद बिष्ट (सर्विलांस) और अनिल गिरी (सर्विलांस) की अहम भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

See also  हल्द्वानी_लगातार तेज हो रहे नगर निगम चुनाव प्रचार,भाजपा प्रत्याशी गजराज बिष्ट ने अधिवक्ताओं से की मुलाकात

ख़बर शेयर करे -