
हल्द्वानी – शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र के लाइन नंबर-8 में अतिक्रमण की समस्या अब विकराल रूप लेती जा रही है। हालात ऐसे हो चुके हैं कि आम राहगीरों के लिए यहां से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है। सड़कें, जो आम जनता के आवागमन के लिए बनी थीं, अब धीरे-धीरे अवैध कब्जों की चपेट में आती जा रही हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दुकानदार अपनी दुकानों के आगे की जगह को ठेले-फड़ वालों को किराये पर दे रहे हैं, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर चुका है। ठेले और अस्थायी दुकानें इस कदर फैली हुई हैं कि पैदल चलने वालों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। आए दिन जाम जैसी स्थिति बनी रहती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं है।
वहीं, जब नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचती है, तो उसे विरोध का सामना करना पड़ता है, जिसके चलते कार्रवाई कई बार अधूरी रह जाती है। इससे साफ है कि समस्या पर अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराधों पर अंकुश लगाने के निर्देशों के तहत नैनीताल पुलिस द्वारा रात्रि 11 बजे बाजार बंद कराने की मुहिम की सराहना की है। लोगों का कहना है कि इस पहल से अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण हुआ है और माहौल में सुधार देखने को मिला है।
हालांकि, लोगों का यह भी कहना है कि बनभूलपुरा का लाइन नंबर-8 अत्यधिक भीड़भाड़ वाला और संवेदनशील क्षेत्र है, जहां मामूली बात पर भी झगड़े की स्थिति बन जाती है। ऐसे में यहां रात 11 बजे तक दुकानें खुली रहने देना खतरे को बढ़ावा दे सकता है।
इसी को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि लाइन नंबर-8 क्षेत्र में रात 9 बजे तक सभी दुकानों को अनिवार्य रूप से बंद कराया जाए, ताकि भीड़भाड़ कम हो, विवादों पर अंकुश लगे और कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
लोगों ने प्रशासन से यह भी अपील की है कि अतिक्रमण के खिलाफ सख्त और स्थायी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़कें आम जनता के लिए सुगम बन सकें और शहर में व्यवस्था कायम रह सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी प्राथमिकता देता है और कब तक लाइन नंबर-8 को अतिक्रमण और अव्यवस्था से राहत मिल पाती है।


