लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पांच दिवसीय नैनीताल दौरे पर, जनप्रतिनिधियों से संवाद और धार्मिक स्थलों के दर्शन का रहेगा कार्यक्रम

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 27 अप्रैल से 1 मई 2026 तक पांच दिवसीय जनपद नैनीताल भ्रमण पर रहेंगे। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत जनपद भ्रमण पर पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष का सोमवार को रामनगर पहुंचने पर नैनीताल सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, अपर प्रमुख वन संरक्षक विवेक पाण्डे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी तथा कॉर्बेट पार्क के निदेशक साकेत बडोला ने स्वागत किया।

इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष का स्वागत उत्तराखंडी परंपरा और स्थानीय संस्कृति के अनुरूप किया गया। उन्हें कुमाऊंनी टोपी, शॉल भेंट कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अतिथि सत्कार किया गया।

प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष 27 और 28 अप्रैल को जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम करेंगे।

29 अप्रैल 2026 (बुधवार) को लोकसभा अध्यक्ष पूर्वाह्न 10:00 बजे जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान, रामनगर से प्रस्थान कर मध्यान्ह 12:00 बजे नैनी रिट्रीट, नैनीताल पहुंचेंगे, जहां वे अल्प विश्राम करेंगे। इसके उपरांत वे अपराह्न 12:30 बजे एटीआई, नैनीताल में वन पंचायत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर वार्ता करेंगे और तत्पश्चात एटीआई से नैनी रिट्रीट लौटेंगे।

अपराह्न 3:45 बजे नैनी रिट्रीट से प्रस्थान कर वे अपराह्न 4:00 बजे पुनः एटीआई, नैनीताल में पंचायती राज संस्थाओं एवं शहरी स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। सायं 6:00 बजे वे नैना देवी मंदिर के दर्शन करेंगे तथा स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करेंगे। रात्रि विश्राम नैनी रिट्रीट, नैनीताल में ही करेंगे।

30 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को लोकसभा अध्यक्ष पूर्वाह्न 10:00 बजे नीम करौली बाबा के श्री कैंची धाम के दर्शन के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके पश्चात वे नैनीताल क्षेत्र का स्थानीय भ्रमण करेंगे और रात्रि विश्राम पुनः नैनी रिट्रीट में करेंगे।

See also  रावतनगर द्वितीय में दिनदहाड़े लाखों की चोरी — गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव, एक सप्ताह में खुलासे की चेतावनी"

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 मई 2026 (शुक्रवार) को लोकसभा अध्यक्ष पूर्वाह्न 9:30 बजे सड़क मार्ग से नैनीताल से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।


ख़बर शेयर करे -