देहरादून के नामी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बड़ा हादसा, ICU में AC ब्लास्ट महिला की मौत और कई घायल

ख़बर शेयर करे -

देहरादून – राजधानी देहरादून स्थित एक निजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बुधवार सुबह हुए हादसे ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और अस्पतालों की सुरक्षा तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल के ICU में एयर कंडीशनर में तकनीकी खराबी के बाद अचानक धुआं फैल गया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह अस्पताल के ICU में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट होने के बाद तेज आवाज के साथ धुआं फैलने लगा। ICU में भर्ती मरीजों को तत्काल बाहर निकालने की कोशिश की गई। इस दौरान अस्पताल स्टाफ, पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर मरीजों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।

घटना में 60 वर्षीय वीरवती की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में पुलिसकर्मी और छोटे बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई मरीजों को स्ट्रेचर और अन्य साधनों की मदद से बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ मरीजों को अस्पताल परिसर में प्राथमिक उपचार और सीपीआर भी दिया गया।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ICU में आग नहीं लगी थी, बल्कि तकनीकी खराबी के कारण धुआं फैला था। हालांकि घटना के बाद सामने आए वीडियो और हालात ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे की सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं को फिलहाल बंद कर जांच शुरू कर दी गई है।

See also  प्रो. शिवेंद्र कुमार कश्यप बने पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति, अधिसूचना जारी

अधिकारियों के अनुसार जांच में यह पता लगाया जाएगा कि तकनीकी खराबी किन परिस्थितियों में हुई और अस्पताल की फायर सेफ्टी तथा इमरजेंसी व्यवस्था कितनी प्रभावी थी।

फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों के भीतर टीम मौके पर पहुंच गई थी और स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।

घटना के बाद स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षा मानकों और आपातकालीन तैयारियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


ख़बर शेयर करे -