अंजुम की संदिग्ध मौत पर मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

ख़बर शेयर करे -

लालकुआं – नगर के अम्बेडकर नगर वार्ड नंबर-1 में तीन दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में हुई नवविवाहिता की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में हल्द्वानी निवासी मृतका के भाई ने लालकुआं कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अम्बेडकर नगर वार्ड नंबर-1 निवासी मोईन खान की 20 वर्षीय पत्नी अंजुम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम के बाद शव मायके पक्ष को सौंप दिया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया।

इधर बुधवार को मृतका के भाई फहीम खान पुत्र जमील खान निवासी गफूर बस्ती, वार्ड नंबर-24, थाना हल्द्वानी ने लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अंजुम का विवाह 24 मई 2025 को मोईन खान के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही पति मोईन, जेठ राजा, सास नन्नोकिया तथा ननद सिमरन द्वारा दहेज की मांग को लेकर अंजुम को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी।

मायके पक्ष का आरोप है कि रविवार सुबह ससुराल पक्ष के लोगों ने अंजुम की हत्या कर उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या प्रतीत हो। परिजनों का कहना है कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।

See also  अब घर से वोट डाले सकेंगे दिव्यांग जन और बुजुर्ग, ऐसी होगी मतदान प्रक्रिया सम्पन्न

मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है।

इधर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


ख़बर शेयर करे -