पत्रकारों की एकजुटता और अधिकारों के लिए काम करेंगे पंकज सक्सेना, ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ ने सौंपी नैनीताल की कमान

नैनीताल – ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ ने पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय पंकज सक्सेना को नैनीताल जिले की जिम्मेदारी सौंपते हुए जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति पर पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताई है।

पंकज सक्सेना पिछले करीब 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके साथ ही वह HNN न्यूज़ चैनल में भी लगभग 15 वर्षों से कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सक्रिय भूमिका निभाई है।

जिला अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पंकज सक्सेना ने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना और उनके अधिकारों एवं सम्मान के लिए आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और समाज को सच्चाई से रूबरू कराने में उनकी अहम भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपने कार्य के दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे।