
नैनीताल – शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में दर्ज मुकदमे के बाद अब नैनीताल पुलिस ने आरोपी नरेश पाण्डे और उससे जुड़े हथियारबंद लोगों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने कथित बाउंसरों और प्राइवेट गनरों को हिरासत में लेकर उनका सत्यापन, पूछताछ और शस्त्र लाइसेंस की जांच की। कार्रवाई के दौरान एक लाइसेंसी हथियार भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को एक महिला ने कोतवाली मल्लीताल में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नरेश पाण्डे ने शादी का झांसा देकर उसके साथ अवैध संबंध स्थापित किए। शिकायत के आधार पर कोतवाली मल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 धारा 351(2)/69 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि भवाली क्षेत्र में कुछ हथियारबंद लोग और कथित बाउंसर नरेश पाण्डे के साथ घूम रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन रहा है। सूचना के आधार पर 19 मई 2026 को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरेश पाण्डे से जुड़े बाउंसरों और प्राइवेट गनरों को कोतवाली भवाली बुलाकर सत्यापन और पूछताछ की।
जांच के दौरान सामने आया कि जसपुर निवासी लखविंदर सिंह अपने लाइसेंसी शस्त्र का उपयोग निजी सुरक्षा के बजाय नरेश पाण्डे को सुरक्षा देने में कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, उक्त व्यक्ति हथियार लेकर क्षेत्र में घूमते हुए भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा था। लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन पाए जाने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज कर हथियार जब्त कर लिया गया। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।
इसके अलावा दो कथित बाउंसरों विशेष नाग निवासी होशियारपुर, पंजाब और मधुसूदन सिंह निवासी सिरौली, अल्मोड़ा के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सभी संदिग्ध बाउंसरों और हथियारबंद लोगों से सख्ती से पूछताछ की। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ लोग आर्म्स एक्ट और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए समाज में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे।
एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में अवैध रूप से बाउंसरों, गुंडा तत्वों और हथियारबंद लोगों के साथ घूमकर आतंक का माहौल बनाने वालों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
