
भीमताल – उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है। भीमताल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल पर की गई अमर्यादित टिप्पणी केवल एक व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड के गौरव, स्वाभिमान और जनभावनाओं से जुड़ा विषय है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि अजीत डोभाल ने दशकों तक देश की सेवा की है। उन्होंने अपना जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। ऐसे व्यक्तित्व के प्रति सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की टिप्पणी से राष्ट्रसेवा में जुटे लोगों के सम्मान को ठेस पहुंचती है।
‘राष्ट्रसेवा में समर्पित सपूत का अपमान बर्दाश्त नहीं’
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि अजीत डोभाल अपनी निस्वार्थ राष्ट्रसेवा और साहस के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश की सुरक्षा और सामरिक हितों के लिए काम करने वाले व्यक्तित्वों के प्रति भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
SIR मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा
प्रेसवार्ता के दौरान मंत्री कैड़ा ने SIR मुद्दे को लेकर कांग्रेस और विपक्ष की बयानबाजी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को निराधार और राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि कांग्रेस राज्य के विकास कार्यों को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष राजनीतिक विरोध के लिए झूठ और डर की राजनीति का सहारा ले रहा है।
युवाओं को रोजगार और औद्योगिक विकास पर जोर
मंत्री कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं के भविष्य, औद्योगिक विकास, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों में जनहित को प्राथमिकता दी जा रही है।
अंत में उन्होंने प्रदेश की जनता से विपक्ष के बयानों को तथ्यों के आधार पर परखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और प्रदेश के लोगों के हित में काम करने के लिए प्रयासरत है।

