
देहरादून। राजधानी देहरादून के कैंट क्षेत्र स्थित किशन नगर एक्सटेंशन में पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूल परिसर में संचालित कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। प्ले ग्रुप स्कूल के पीछे बने किराए के कमरों में चल रहे इस अनैतिक कारोबार का खुलासा होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया है।
पुलिस के अनुसार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को गोपनीय सूचना मिली थी कि कैंट क्षेत्र में कुछ लोग अनैतिक देह व्यापार का नेटवर्क संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सीओ सिटी के नेतृत्व में एएचटीयू और कैंट पुलिस की संयुक्त टीम ने किशन नगर एक्सटेंशन स्थित एक प्ले ग्रुप स्कूल परिसर में औचक छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान स्कूल के पिछले हिस्से में बने कमरों में तीन महिलाएं और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, शराब की बोतलें, दवाइयां, कंडोम, डिजिटल स्टोरेज डिवाइस, लेन-देन से जुड़ी डायरी और युवतियों की कथित रेट लिस्ट बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से एक मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वहां मौजूद तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया। कार्रवाई के दौरान एक स्विफ्ट कार भी सीज की गई है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक पहले भी अनैतिक देह व्यापार के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बाहरी राज्यों की महिलाओं को नौकरी और काम दिलाने का झांसा देकर देहरादून बुलाते थे और बाद में उनकी मजबूरियों का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार करवाते थे।
जांच में यह भी पता चला है कि रेस्क्यू की गई युवतियां मेरठ, मुजफ्फरनगर और दिल्ली क्षेत्र से लाई गई थीं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और यह जांच की जा रही है कि इस धंधे का संचालन कब से किया जा रहा था।
इस पूरे मामले का सबसे चिंताजनक पहलू एक युवती के एचआईवी संक्रमित होने की आशंका भी है। पुलिस को युवती के बैग से एचआईवी उपचार से जुड़ा एक मेडिकल दस्तावेज मिला है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से इलाके में देर रात संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी। शुरुआत में लोगों को शक नहीं हुआ क्योंकि सामने के हिस्से में प्ले ग्रुप स्कूल संचालित हो रहा था, लेकिन गतिविधियां बढ़ने पर क्षेत्रवासियों ने विरोध जताया और शिकायत जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस पूरे मामले का खुलासा किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इससे जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

