
हल्द्वानी – राष्ट्रीय सरस आजीविका मेले के तीसरे दिन जहां महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश गूंजा, वहीं शाम को आयोजित स्टार नाइट में उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका माया उपाध्याय ने अपने लोकप्रिय कुमाऊंनी गीतों से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शक देर तक झूमते रहे और पूरा मेला परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। उन्होंने हल्द्वानी में राष्ट्रीय सरस मेले के आयोजन को गर्व का विषय बताते हुए आमजन से मेले में पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण करने और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को प्रोत्साहन देना महिलाओं के स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
दीपा दर्मवाल ने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है तो वह केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि मेले में आकर कुछ न कुछ खरीदारी अवश्य करें, ताकि महिला समूहों के प्रयासों को प्रोत्साहन मिल सके और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार मिल पाए।
माया उपाध्याय के गीतों पर देर तक थिरके दर्शक
गुरुवार शाम आयोजित स्टार नाइट में लोक गायिका माया उपाध्याय ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने ‘लाली हो लाली स्या’, ‘झूली घाटा शेरदा को होटला’, ‘हाई काकड़ी झिल मा लूण पिसो सिल मा’, ‘छोरी लछिमा सूरा-सूरा हवा चली’, ‘रधुली नथुली का डोर’, ‘आदु संसारा आदु मुन्स्यारा’ और ‘दिल्ली को बाजारा लागी माया’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी।
इसके अलावा ‘ओ भिना कसिके जानू द्वारहटा’, ‘चन्दना जयपुरिया साड़ी मेरी’, ‘भुर भुरु उजाओ हेगो’, ‘बेडू पाको बारामासा’ और ‘नारैणा काफल पाको चेता मेरी छैला’ सहित कई लोकगीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। माया उपाध्याय की सुरीली आवाज और पहाड़ की लोकसंस्कृति से जुड़े गीतों ने मेले के माहौल को पूरी तरह उत्तराखंडी रंग में रंग दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ उनकी प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

