माँ नंदा सुनंदा देवी महोत्सव में सुरक्षा ‘टॉप प्रायोरिटी’, SSP डॉ० मंजुनाथ टीसी ने लिया ग्राउंड अपडेट

नैनीताल – ऐतिहासिक एवं धार्मिक मां नंदा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मंगलवार को महोत्सव क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

SSP ने मेला क्षेत्र में मेला कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, रूट डायवर्जन प्वाइंट्स सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सुरक्षा स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए महोत्सव में उमड़ रही भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से सतर्क एवं संवेदनशील रहते हुए श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के उपरांत SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने सायंकालीन आरती में शामिल होकर मां नंदा देवी की पूजा-अर्चना की। उन्होंने जनपद एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की।

नैनीताल पुलिस ने महोत्सव में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी यातायात और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

निरीक्षण के दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।