
हल्द्वानी – एवरग्रीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेरीपड़ाव में शुक्रवार को उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक-अभिभावक संघ, स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावकों, छात्र-छात्राओं तथा विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बाल अधिकार संरक्षण आयोग की भूमिका, बच्चों के अधिकारों तथा उनकी सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि बच्चों के शैक्षणिक और सामाजिक विकास में अभिभावकों तथा विद्यालय की साझा जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया।
गोष्ठी में खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों और बाल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई। वहीं, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष देवकी आर्य, सदस्य किरण पंत एवं विनीता पाठक ने भी बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका कु. मीनाक्षी भट्ट ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक गौरव पाठक, मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ पाठक, प्रधानाचार्य मोहन सिंह परवाल, स्कूल प्रबंधन समिति की सदस्य कमला जोशी, इन्द्रा एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्या संतोष पाण्डेय, सेमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जयपुर बीसा की प्रधानाचार्या सहित शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग तथा विभिन्न संस्थानों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। गोष्ठी में बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।

