60-90 दिन से लंबित विवेचनाओं पर एसपी सिटी सख्त, जल्द निस्तारण के निर्देश

हल्द्वानी – लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी हरबंस सिंह ने आदेश कक्ष में समीक्षा बैठक की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशों के क्रम में आयोजित बैठक में सर्किल के विभिन्न थानों के विवेचकों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में कोतवाली हल्द्वानी, काठगोदाम, मुखानी और बनभूलपुरा के विवेचक भौतिक रूप से उपस्थित रहे। वहीं रामनगर, लालकुआं, कालाढूंगी और चोरगलिया क्षेत्र के थाना प्रभारियों एवं विवेचकों के साथ संबंधित क्षेत्राधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

60 और 90 दिन पुरानी विवेचनाओं की समीक्षा

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बैठक के दौरान विशेष रूप से 60 दिवस एवं 90 दिवस से लंबित विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विवेचकों से लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रत्येक मामले में आवश्यक कार्रवाई को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विवेचनाओं में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन, आवश्यक विधिक कार्रवाई और अन्य प्रक्रियाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो सके।

साक्ष्यों के संकलन में लापरवाही न बरतने के निर्देश

एसपी सिटी ने विवेचकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में साक्ष्यों का गंभीरता से संकलन किया जाए और विवेचना को सभी आवश्यक कानूनी पहलुओं के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि विवेचना में देरी का सीधा असर पीड़ित पक्ष को मिलने वाले न्याय पर पड़ता है। इसलिए लंबित विवेचनाओं का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

बैठक में अधिकारियों ने लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधित विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के साथ-साथ विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।