
आस्था के सैलाब के बीच नंदा-सुनंदा महोत्सव शांतिपूर्ण संपन्न, सुरक्षा व्यवस्था की श्रद्धालुओं ने की सराहना
नैनीताल पुलिस की मुस्तैदी से सुचारू रहा यातायात, खोया-पाया केंद्र ने बिछड़ों को परिजनों से मिलाने में निभाई अहम भूमिका
नैनीताल – ऐतिहासिक एवं धार्मिक माँ नंदा-सुनंदा महोत्सव-2026 इस वर्ष भी श्रद्धा, आस्था और उल्लास के बीच शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रहा है। महोत्सव में देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नैनीताल पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर लोगों ने संतोष जताया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए। मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों द्वारा लगातार पैदल गश्त एवं निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई।
सुरक्षा से लेकर खोया-पाया केंद्र तक, हर मोर्चे पर पुलिस मुस्तैद
महोत्सव के दौरान स्थापित खोया-पाया केंद्र और कंट्रोल रूम श्रद्धालुओं के लिए काफी मददगार साबित हुए। मेले के दौरान मिले सामान तथा बिछड़े बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अनाउंसमेंट और समन्वय किया गया। इससे कई परिवारों को राहत मिली।
भारी भीड़ के बीच भी सुचारू रहा यातायात
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों के पहुंचने से शहर में यातायात का दबाव बना रहा। इसके बावजूद नैनीताल पुलिस द्वारा तैयार किए गए ट्रैफिक प्लान और प्रमुख मार्गों व चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मियों की मुस्तैदी से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का प्रयास जारी रहा। पुलिस कर्मियों ने मौके पर तैनात रहकर यातायात का संचालन किया और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराई।
श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं को बताया संतोषजनक
महोत्सव में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष रूप से और सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस एवं प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए। श्रद्धालुओं ने मेला क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पुलिस की सक्रियता की सराहना की।
दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि मेला क्षेत्र में पुलिस की लगातार मौजूदगी से उन्हें सुरक्षित और सहज वातावरण का अनुभव हुआ। महोत्सव के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर किए गए इंतजामों के चलते श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सकी।
नैनीताल पुलिस द्वारा महोत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर लगातार निगरानी बनाए रखी गई, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में मदद मिली।

