SSP नैनीताल ने पैदल पहुंचकर दिया ईंधन बचत का संदेश, पुलिस कर्मियों को कार-पूलिंग के निर्देश

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – पश्चिम एशिया में जारी वैश्विक संकट के चलते ईंधन, खाद्य सामग्री और उर्वरकों की आपूर्ति पर बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मितव्ययता और ईंधन संरक्षण को लेकर किए गए आह्वान तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेशवासियों से की गई अपील को धरातल पर उतारते हुए नैनीताल पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है।

इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बुधवार को अपने आवास से हल्द्वानी स्थित कार्यालय तक पैदल पहुंचकर सादगी, अनुशासन और राष्ट्रहित का संदेश दिया। एसएसपी की इस पहल को पुलिस विभाग के साथ-साथ आम जनता के बीच भी सकारात्मक रूप में देखा जा रहा है।

डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ऊर्जा संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि यदि आज ईंधन संरक्षण को लेकर गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले समय में स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

एसएसपी ने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि कार्यालय आने-जाने के दौरान “व्हीकल पूलिंग” यानी साझा वाहनों का उपयोग करें। उन्होंने निजी वाहनों के कम से कम इस्तेमाल और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि ईंधन की बचत केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से भी बेहद आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

एसएसपी नैनीताल ने आम जनता से भी अपील करते हुए कहा कि वैश्विक संकट के इस दौर में ऊर्जा संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों का उपयोग कम करने, सार्वजनिक परिवहन को अपनाने और जहां संभव हो वहां इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करने का आग्रह किया।

See also  हल्द्वानी_पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंची युवती ने मृत भ्रूण को दिया जन्म

उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाएं तो ईंधन की बड़ी मात्रा बचाई जा सकती है। इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा।

नैनीताल पुलिस की इस पहल को राष्ट्रहित, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।


ख़बर शेयर करे -