रुद्रपुर में PC-PNDT टीम का सख्त एक्शन: 10 केंद्रों पर छापा, 3 अल्ट्रासाउंड मशीनें सील

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – जनपद में अवैध लिंग जांच पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल के निर्देश पर रुद्रपुर ब्लॉक में PC-PNDT टीम ने 10 अल्ट्रासाउंड एवं डायग्नोस्टिक केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण अभियान का नेतृत्व PC-PNDT के नोडल अधिकारी डॉ. एस. पी. सिंह ने किया। टीम में तहसील प्रशासन के प्रतिनिधि संजय कुमार वर्मा (कानूनगो), जिला चिकित्सालय से डॉ. नम्रता त्रिपाठी, जिला समन्वयक प्रदीप महर और अधिशासी सहायक गोपाल आर्य शामिल रहे।

टीम ने अरोरा हार्ट केयर सेंटर, पंत चिकित्सालय, एच.बी. हॉस्पिटल, संजीवनी हॉस्पिटल, राजकीय पशु चिकित्सालय, अमृत हॉस्पिटल, प्रतिमा अल्ट्रासाउंड सेंटर, आहन अल्ट्रासाउंड सेंटर, कृष्णा हॉस्पिटल और शुभम हॉस्पिटल सहित कुल 10 केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर पंत हॉस्पिटल और शुभम हॉस्पिटल की एक-एक खराब अल्ट्रासाउंड मशीन तथा राजकीय पशु चिकित्सालय में खराब पड़ी एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया। कुल तीन मशीनों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान टीम ने फॉर्म-F के रख-रखाव, अभिलेखों के सत्यापन और अनिवार्य सूचनाओं के प्रदर्शन की भी गहन जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीति पर अंकुश लगाना और PC-PNDT एक्ट का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


ख़बर शेयर करे -
See also  अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण प्रतिबद्ध: डॉ. सुरजीत सिंह गांधी