
राष्ट्रीय कॉम्बैट चैंपियनशिप में हरियाणा बना चैंपियन, छत्तीसगढ़ दूसरे और मध्य प्रदेश तीसरे स्थान पर
इंदौर – कॉम्बैट फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं कॉम्बैट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में इंदौर स्थित चमेली देवी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कॉम्बैट नेशनल चैंपियनशिप का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। तीन दिनों तक चली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के 25 राज्यों से महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। प्रतिभागियों ने प्रतिभा, अनुशासन और बेहतरीन तकनीक का परिचय देते हुए अपने-अपने राज्यों के लिए पदक हासिल किए।
चैंपियनशिप का शुभारंभ चमेली देवी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन की प्रिंसिपल सीमा चार्ज ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के समापन पर हरियाणा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि छत्तीसगढ़ ने द्वितीय और मेजबान मध्य प्रदेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में कॉम्बैट फेडरेशन ऑफ इंडिया के चीफ पैटर्न हेमंत डोंगावकर, बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व चीफ कोच अरुण बुटे तथा कॉम्बैट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के महासचिव नागेंद्र रजक मुख्य रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए कॉम्बैट स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, खिलाड़ी, कोच और मैनेजर मौजूद रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी खेल प्रेमियों और आयोजकों का कॉम्बैट फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव संजय राय पहलवान ने फेडरेशन की ओर से आभार व्यक्त किया।

