तौलकर पुड़िया बनाने की थी तैयारी, पुलिस ने 7.553 किलो गांजे के साथ पांच पकड़े

रामनगर – नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुल्लरघट्टी क्षेत्र में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर दो महिलाओं समेत पांच कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से संयुक्त रूप से 7.553 किलोग्राम अवैध गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और गांजे की पुड़िया बनाने में इस्तेमाल होने वाली पन्नियां बरामद की गई हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।

पुलिस टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध लोगों और ठिकानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर 14 सितंबर 2026 को गुल्लरघट्टी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश और चेकिंग की गई।

घरों से मिला गांजा, पुड़िया बनाते पकड़े गए

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कामेश त्यागी के घर के कमरे से 800 ग्राम गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पुड़िया बनाने में इस्तेमाल होने वाली पन्नियां बरामद हुईं। पुलिस का कहना है कि कामेश मौके पर गांजे की पुड़िया तैयार करता मिला।

इसी तरह विजय सागर के कमरे से 465 ग्राम गांजा बरामद किया गया। भरत उर्फ बब्लू के घर की तलाशी में 975 ग्राम गांजा और पन्नियां मिलीं।

पुलिस टीम ने अजीम के घर पर भी दबिश दी, जहां उसकी पत्नी नाजिया कथित रूप से गांजे की पुड़िया बनाते मिली। उसके कब्जे से 3.798 किलोग्राम गांजा और पन्नियां बरामद की गईं। वहीं नगमा के कब्जे से 1.405 किलोग्राम गांजा और पुड़िया बनाने में इस्तेमाल पन्नियां बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

पांचों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में कुल दो महिला और तीन पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 289/26, 290/26 और 291/26 दर्ज की गई हैं। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में कामेश त्यागी (29), भरत उर्फ बब्लू (52), विजय सागर (46), नाजिया (23) और नगमा (28) शामिल हैं। सभी गुल्लरघट्टी नई बस्ती, रामनगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

कामेश के खिलाफ पहले से दो मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कामेश त्यागी के खिलाफ रामनगर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के दो पुराने मुकदमे भी दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी पीरूमदारा वीरेंद्र बिष्ट, चौकी प्रभारी मालधन मनोज सिंह अधिकारी, चौकी प्रभारी ढेला जोगा सिंह, चौकी प्रभारी गर्जिया हर्ष बहादुर पाल, उपनिरीक्षक सुष्मिता राणा समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।