कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन, 26 जुलाई को होंगे विविध कार्यक्रम

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के अवसर पर 26 जुलाई को जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने नगर निगम को नैनीताल रोड स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम से पूर्व साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तय कार्यक्रम के अनुसार 26 जुलाई को प्रातः 9 बजे शहीद स्मारक पर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

उन्होंने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को मुख्य अतिथि, गणमान्य नागरिकों, स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों तथा सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों को आमंत्रित करने के साथ ही माल्यार्पण एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पूर्वाह्न 10 बजे एमबी पीजी कॉलेज के लाल बहादुर शास्त्री सभागार में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति तथा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को नमन किया जाएगा।

नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और वीर सैनिकों के बलिदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग को विद्यालयों में जूनियर वर्ग के लिए चित्रकला तथा सीनियर वर्ग के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित कराने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेनि.) रमेश सिंह, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, मुख्य शिक्षा अधिकारी आर.एस. नेगी, जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रमों के सफल एवं गरिमामय आयोजन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।

See also  हल्द्वानी_कुमाऊं परिक्षेत्र के आईजी योगेंद्र रावत का हुआ विदाई समारोह - अब यहाँ मिली नई जिम्मेदारी

ख़बर शेयर करे -