उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज,देहरादून समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, अगले दिनों में चढ़ेगा पारा

ख़बर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली और देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान फिर बढ़ने की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले एक-दो दिनों में प्रदेश के सामान्य तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद आगामी दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक रहने की संभावना है।

बीते दिनों हुई बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों के तापमान पर साफ देखने को मिला। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय जिलों में तापमान में और अधिक गिरावट देखने को मिली।

मौसम विभाग ने सोमवार को भी पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान है।

इसके अलावा मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।


ख़बर शेयर करे -
See also  Uttarakhand:- राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैंया बंद, शिक्षा के साथ भावनाओं का भी अंत