
लालकुआं – अम्बेडकर नगर (वार्ड नंबर एक) स्थित फोरेस्ट ग्राउंड के देवी मंदिर प्रांगण में 12वें भव्य गणेशोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पिछले 11 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस धार्मिक महोत्सव को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। पांच दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन 21 से 25 सितंबर तक किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से प्रतिमा स्थापित कर प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन के प्रथम दिन 21 सितंबर को भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा की स्थापना के साथ गणेशोत्सव का शुभारंभ होगा। रात में सुंदर बालाजी का दरबार सजाया जाएगा। 22 सितंबर को श्रद्धालुओं और युवाओं के आकर्षण के लिए पारंपरिक हांडी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी। 23 सितंबर को माता रानी की चौकी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय होगा।
24 सितंबर को विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां निकाली जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी। महोत्सव के अंतिम दिन 25 सितंबर को दोपहर दो बजे से भगवान गणेश की विशाल विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। ढोल-नगाड़ों और गणपति के जयकारों के बीच बप्पा को विदाई दी जाएगी।

आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह नौ बजे और शाम सात बजे भगवान गणेश की महाआरती होगी, जबकि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम रात आठ बजे से शुरू होंगे। आयोजन समिति द्वारा पांडाल निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
युवा जागरण कमेटी के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने नगर क्षेत्र के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से सपरिवार गणेशोत्सव में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक श्रद्धालु महोत्सव में पहुंचकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करें।
तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित बैठक में नवीन मेर, जफर अंसारी, गौरव गुप्ता, दीवान सिंह बिष्ट, गोविंद राणा, कुंदन सिंह कनवाल, अशु अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, प्रवेश गुप्ता, मजाहिर खान, अनिल कुमार, अमित कुमार शंकर, अमित उर्फ अम्बू, मुसा, हीरा बिष्ट, सुनील सक्सेना, पिंकू चंद्रा, यूडी, गिरीश आर्य और प्रकाश कुमार सहित आयोजन मंडल के सदस्य, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

