
पंतनगर/लालकुआं – तराई केंद्रीय वन प्रभाग के अंतर्गत टांडा रेंज के जंगलों में टस्कर हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 72 घंटे के भीतर तीन लोगों की जान लेने के बाद हाथी ने शुक्रवार को एक और महिला को पटक-पटक कर मार डाला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, गंगापुर पटिया बीट के घने जंगल में लकड़ी बीनने गई तीन महिलाओं पर अचानक एक डेढ़ दांत वाला टस्कर हाथी हमला कर बैठा। हाथी को देखते ही महिलाएं जान बचाकर भागने लगीं, लेकिन 72 वर्षीय मैना देवी, पत्नी स्वर्गीय बाबूलाल, निवासी झा कॉलोनी पंतनगर को हाथी ने पीछा कर पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने महिला को सूंड से उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी।
घटना के बाद साथ गई अन्य महिलाएं किसी तरह भागकर कॉलोनी पहुंचीं और लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि महिला की मौत हो चुकी थी, जबकि हाथी जंगल की ओर जा चुका था। मृतका अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गई है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
लगातार दूसरी बड़ी घटना, तीसरी मौत
गौरतलब है कि इससे दो दिन पूर्व इसी हाथी ने सांप पठानी क्षेत्र में खेत में सो रहे दो लोगों को भी मौत के घाट उतार दिया था, जिनमें से एक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी दहशत है।
मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम
घटना की सूचना मिलते ही प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चंद्र तिवारी, लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा, वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम सहित पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वन विभाग ने तत्काल सहायता के रूप में अंतिम संस्कार हेतु 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की है।
वन विभाग ने जारी की चेतावनी
प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चंद्र तिवारी ने बताया कि यह दो दिनों में दूसरी घटना और तीसरी मौत है। हाथी की पहचान डेढ़ दांत वाले और एक पैर से लंगड़े टस्कर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीमों को जंगल में तैनात कर दिया गया है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं और सतर्कता बरतें। साथ ही आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली हर संभव सहायता दिलाई जाएगी।
जनप्रतिनिधि ने लिया जायजा
घटना की सूचना पर किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
