
रुद्रपुर – जनपद में पशुधन को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से पशु रोग निदान एवं टीकाकरण प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान खुरपका-मुंहपका (FMD) रोग के नियंत्रण के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों में 45 दिनों तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पशु चिकित्सकों की टीमें घर-घर जाकर मवेशियों का टीकाकरण करेंगी, जिससे पशुओं को इस संक्रामक रोग से सुरक्षित किया जा सके।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी ने बताया कि अभियान के तहत 22 राजकीय पशु चिकित्सालयों के अंतर्गत 122 टीकाकरण टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों का लक्ष्य करीब 2 लाख 20 हजार मवेशियों (गाय, भैंस, भेड़ और बकरियों) का टीकाकरण करना है।
उन्होंने यह भी बताया कि अभियान की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए चयनित गांवों में टीकाकरण से पहले और टीकाकरण के 28 से 30 दिन बाद पशुओं के रक्त नमूनों की जांच पशु रोग अनुसंधान प्रयोगशाला के माध्यम से की जाएगी।
डॉ. जोशी के अनुसार, भारत सरकार के पशुपालन मंत्रालय द्वारा पिछले चार वर्षों से हर छह माह में इस प्रकार के टीकाकरण अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप खुरपका-मुंहपका रोग के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है।
पहले जहां इस रोग के कारण पशुओं में मुंह और खुरों में छाले, तेज बुखार, गर्भपात और दुग्ध उत्पादन में कमी जैसी समस्याएं देखने को मिलती थीं, वहीं अब ऐसे मामलों में काफी गिरावट दर्ज की गई है। इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के. यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।


