461 राशन कार्डों की जांच में 56 अपात्र मिले, कार्रवाई शुरू

ख़बर शेयर करे -

लालकुआं – बिंदुखत्ता क्षेत्र के इंद्रानगर-प्रथम, इंद्रानगर-द्वितीय, 25 एकड़, बंगाली कॉलोनी एवं शास्त्री नगर में बुधवार को राशन कार्ड सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 461 राशन कार्डों की जांच की गई, जिनमें 56 सफेद एवं पीले कार्डधारक अपात्र पाए गए। अपात्र पाए गए मामलों में विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उपजिलाधिकारी न्यायिक एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देशन में गठित चार टीमें लगातार घर-घर जाकर सत्यापन कार्य कर रही हैं। अभियान के तहत पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि सरकारी खाद्यान्न योजनाओं का लाभ केवल पात्र परिवारों तक ही पहुंच सके।

तीन दिनों में अब तक 1,698 राशन कार्डों की जांच पूरी की जा चुकी है, जिनमें 168 कार्डधारक अपात्र पाए गए हैं। जांच के दौरान ऐसे कई परिवार चिन्हित हुए हैं, जिनके सदस्य निजी कंपनियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों अथवा अन्य व्यवसायों से जुड़े होने के बावजूद सरकारी राशन योजना का लाभ ले रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि सत्यापन पूरा होने के बाद अपात्र राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे तथा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

स्वेच्छा से भी जमा हो रहे राशन कार्ड

क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने बताया कि राशन विक्रेताओं के माध्यम से कई परिवार स्वेच्छा से अपने सफेद एवं पीले राशन कार्ड जमा करा रहे हैं। उन्होंने अपात्र श्रेणी में आने वाले परिवारों से स्वयं कार्ड जमा कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सत्यापन में अपात्र पाए जाने पर राशन कार्ड निरस्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

See also  हल्द्वानी_झूठे प्रार्थना पत्र के विरोध में पत्रकारों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग, पुलिस को दिया ज्ञापन

ख़बर शेयर करे -